Tuesday, April 14, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशबाबा साहब ने वंचित समाज के उत्थान के लिए किए अद्वितीय कार्य:...

बाबा साहब ने वंचित समाज के उत्थान के लिए किए अद्वितीय कार्य: पवन कुमार गौतम

देवेश प्रताप सिंह राठौर/ झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी में जिला एकीकरण समिति के तत्वावधान में विकास भवन सभागार में भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम एवं अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) हरगोविंद कुशवाहा विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम ने जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक समरसता और विशेष रूप से वंचित समाज के उत्थान के लिए अपने जीवन में अद्वितीय कार्य किए। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद बाबा साहब ने विदेश में सुख-सुविधाओं का जीवन त्यागकर देश लौटकर शोषित और वंचित वर्ग को मुख्यधारा में लाने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा बाबा साहब के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थलों—महू (जन्मभूमि), लंदन (शिक्षा भूमि), नागपुर (दीक्षा भूमि), दिल्ली (महापरिनिर्वाण भूमि) और मुंबई (चैत्य भूमि)—पर स्मारक, संग्रहालय और उच्च स्तरीय पर्यटक सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं प्रदेश सरकार द्वारा झांसी में प्रेरणा स्थल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के पर्यटक बाबा साहब के विचारों और शिक्षाओं से प्रेरित हो सकेंगे। कार्यक्रम में हरगोविंद कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर भारतीय राजनीति में एक युगांतरकारी व्यक्तित्व थे। उन्होंने संविधान निर्माण के माध्यम से समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों को स्थापित किया और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी। उन्होंने बताया कि बाबा साहब ने संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए वंचितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की, जिसमें अस्पृश्यता उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं। समारोह में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहब के कार्यों, उनकी कर्मठता और संकल्प शक्ति पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा जिलाधिकारी के पिता के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार मोहन नेपाली, मनमोहन मनु, सुदर्शन शिवहरे, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अर्चना सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments