
मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषध प्रशासन (एफडीए) की सख्ती के बावजूद मुंबई के कई इलाकों में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है। खार पूर्व के गोलीबार रोड स्थित सत्यम स्वीट मार्ट से खरीदे गए ब्रेड पकौड़े में मरा हुआ कनखजूरा मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम एक युवक ने सत्यम स्वीट मार्ट से ब्रेड पकौड़ा खरीदा था। खाने से पहले जब उसने ब्रेड पकौड़े को देखा तो उसके अंदर तला हुआ पूरा मरा कनखजूरा दिखाई दिया। यह देखकर युवक हैरान रह गया। ब्रेड पकौड़े में मरे हुए कनखजूरे का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना ने दुकान में खाद्य पदार्थ तैयार करने के दौरान साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खाने की वस्तु में इस तरह किसी कीड़े का मिलना उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ माना जा रहा है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब महाराष्ट्र एफडीए की कमान आयुक्त तुकाराम मुंढे के हाथों में है और विभाग की ओर से पूरे राज्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ लगातार कार्रवाई भी की जा रही है। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आना स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी और नियमित जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है कि वायरल वीडियो और मामले की जानकारी सामने आने के बाद एफडीए सत्यम स्वीट मार्ट में खाद्य पदार्थ तैयार करने की व्यवस्था, साफ-सफाई, कच्चे माल के भंडारण तथा आवश्यक खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच करता है या नहीं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रतिष्ठान में नियमों का पालन किया जा रहा था या इसमें किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई।
#BreadPakoda #FoodSafety #FoodSafetyViolation #FDA #MaharashtraFDA

