
उन्नाव। उत्तर प्रदेश में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शुरू हुई। जनपद उन्नाव के चार परीक्षा केंद्रों पर कुल 1526 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।जिले में डीएसएन कॉलेज के ए एवं बी ब्लॉक, अटल बिहारी इंटर कॉलेज तथा राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हो रही है।परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। सुरक्षा कर्मियों ने प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र का मिलान करने के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया। इसके अलावा संदिग्ध वस्तुओं की भी विशेष जांच की गई।परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सुशील कुमार गोंड ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन का दावा है कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, नकलमुक्त और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।



