ई-स्पोर्ट्स को रोजगार और करियर के क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर रहेगा जोर

मुंबई। महाराष्ट्र के इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता विकास मंत्री तथा सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड. आशीष शेलार ने ‘ई-स्पोर्ट्स गेम्स फेडरेशन’ (ESGF) के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल ली है। शुक्रवार को देश के 22 राज्यों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित फेडरेशन की आम बैठक में शेलार को अध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि ई-स्पोर्ट्स क्षेत्र को अधिक अनुशासित, पारदर्शी और पेशेवर स्वरूप देने की आवश्यकता है, ताकि इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आर्थिक निवेश आकर्षित हो और देश में रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकें। युवा पीढ़ी के डिजिटल कौशल को उचित मंच देने के साथ ई-स्पोर्ट्स को केवल मनोरंजन या गेमिंग के रूप में देखने के बजाय कौशल, अनुशासन, प्रशिक्षण और करियर की संभावनाओं वाले क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह मैदानी खेलों में प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार किए जाते हैं, उसी तरह ई-स्पोर्ट्स में भी उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न राज्यों के फेडरेशनों के साथ समन्वय स्थापित कर केंद्र सरकार से भी आवश्यक संवाद किया जाएगा।ई-स्पोर्ट्स गेम्स फेडरेशन देश में ई-स्पोर्ट्स के विकास के लिए काम करने वाली संस्था है। तेजी से बढ़ रहे इस क्षेत्र में युवाओं के लिए नई संभावनाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में फेडरेशन काम कर रहा है। फेडरेशन के अनुसार, भारत में करीब 52 करोड़ गेमर्स हैं और प्रतिदिन लगभग 11 करोड़ खिलाड़ी गेम खेलते हैं। देश में 28 प्रकार के खेलों की टूर्नामेंट आयोजित होती हैं, जबकि इन्हें देखने वाले दर्शकों की संख्या करीब आठ से नौ करोड़ बताई गई है। क्रिकेट, फुटबॉल और हॉकी जैसे पारंपरिक खेलों में जिस तरह राष्ट्रीय टीम, खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया, प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण, नियम और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व की व्यवस्था होती है, उसी तर्ज पर ई-स्पोर्ट्स के लिए भी एक व्यवस्थित और संरचित ढांचा विकसित करने की दिशा में फेडरेशन काम करेगा।क्रिकेट, फुटबॉल, रस्सीकूद, दही-हांडी और साहसिक खेलों से जुड़ी विभिन्न फेडरेशनों एवं संगठनों में काम करने का लंबा अनुभव रखने वाले आशीष शेलार की नियुक्ति से देश में ई-स्पोर्ट्स क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद फेडरेशन ने जताई है।

