
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर “नर सेवा–नारायण सेवा समिति” के संस्थापक एवं भाजपा नेता विमल द्विवेदी ने सामाजिक समरसता और सेवा भाव का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने शहर के मोचियों और जरूरतमंद परिवारों को मिट्टी के घड़े, खाद्य सामग्री, अंगवस्त्र तथा आर्थिक सहायता प्रदान कर सम्मानित किया। ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को निर्जला एकादशी या भीमसेनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि जो व्यक्ति वर्ष भर की सभी एकादशियों का व्रत नहीं कर पाता, वह केवल निर्जला एकादशी का व्रत रखकर सभी एकादशियों के पुण्य का लाभ प्राप्त कर सकता है। इसी पावन अवसर पर विमल द्विवेदी द्वारा वर्षों से चलाए जा रहे सेवा अभियान के तहत समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और श्रमजीवी वर्ग के लोगों को आवश्यक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में जरूरतमंदों को मिट्टी के घड़े, खाद्यान्न सामग्री, अंगवस्त्र और अन्य उपयोगी वस्तुएं प्रदान की गईं। इस अवसर पर विमल द्विवेदी ने कहा कि सनातन धर्म में दान और सेवा का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की प्रत्येक जाति और वर्ग हिंदुत्व की मजबूत नींव है। समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान और आत्मगौरव का अनुभव हो, इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सेवा भाव को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंद लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में जिला संयोजक अजय त्रिवेदी, अनीता विमल द्विवेदी, राकेश राजपूत, केतन अवस्थी, अभी तिवारी, राजेंद्र राजपूत, अमूल्य, विकास सिंह सेंगर, राघवेंद्र पांडेय, मनीष अवस्थी, धर्मेंद्र शुक्ल, परिमल मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



