
झांसी, उत्तर प्रदेश। भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने शहर के प्रमुख स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जेल चौराहा, रानी लक्ष्मीबाई पार्क और बस स्टैंड झांसी पर पहुंचकर नगर निगम द्वारा किए गए इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि गर्मी के इस दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य जोखिम बन सकती है। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा। डीएम ने दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर गर्मी से बचाव के उपायों की जानकारी ली। उन्होंने वाटर एटीएम का स्वयं उपयोग कर पानी की गुणवत्ता जांची और नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही एनजीओ के सहयोग से निःशुल्क प्याऊ और छायादार स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने श्रमिकों और ठेला-पटरी व्यवसायियों को दोपहर 12 से 3 बजे तक काम से बचने की सलाह दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी सीएचसी और पीएचसी केंद्रों पर ओआरएस, आवश्यक दवाएं और हीट स्ट्रोक वार्ड पूरी तरह सक्रिय रहें। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर ओआरएस काउंटर स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा विद्युत विभाग को पेयजल आपूर्ति और अस्पतालों में निर्बाध बिजली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलें, हल्के सूती कपड़े पहनें, सिर ढककर रखें और अधिक से अधिक पानी, नींबू पानी व छाछ का सेवन करें। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, अपर जिलाधिकारी वरुण कुमार पाण्डेय, अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, आपदा विशेषज्ञ धीरज कुमार त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




