HomeCrimeतलासरी में 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, छह आरोपियों...

तलासरी में 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, छह आरोपियों में तीन हिरासत में

इंद्र यादव/मुंबई। पालघर जिले के तलासरी में रविवार रात 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, युवती अपने 20 वर्षीय प्रेमी के साथ मोटरसाइकिल से गुजरात घूमने गई थी और वापस लौटते समय परिचित छह युवकों ने कथित तौर पर उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने युवती के प्रेमी को धमकाया, जिसके बाद वह वहां से भाग गया और युवती अकेली रह गई। इसके बाद छह युवक युवती को तलासरी के डाक बंगला इलाके में स्थित एक सुनसान रेस्ट हाउस में ले गए, जहां पांच आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। जानकारी के अनुसार, पीड़िता का तलासरी तालुका के ही रहने वाले 20 वर्षीय युवक के साथ प्रेम संबंध था। युवक गुजरात में मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर पर खलासी के रूप में काम करता है। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण युवती अपनी एक सहेली के घर रह रही थी। रविवार, 9 अगस्त को दोनों मोटरसाइकिल से गुजरात घूमने गए थे। रात करीब नौ बजे वापस लौटते समय रास्ते में उनके परिचित छह युवक दो मोटरसाइकिलों से मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने युवती के प्रेमी को धमकाया। डर के कारण युवक वहां से भाग गया और युवती को आरोपियों के बीच अकेला छोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपियों ने युवती को मोटरसाइकिल पर बैठाया और तलासरी के डाक बंगला क्षेत्र में एक सुनसान रेस्ट हाउस में ले गए। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि वहां पांच युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए तलासरी पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के अनुसार, जांच के दौरान सोमवार को रायगढ़ जिले में न्हावा शेवा बंदरगाह के पास एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर मंगलवार को दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब फरार तीन आरोपियों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर टीमें भेजकर छापेमारी कर रही है। पुलिस पीड़िता के बयान, घटनास्थल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पीड़िता द्वारा सामने आकर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने जिस तेजी से कार्रवाई शुरू की है, उससे फरार आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस का मुख्य प्रयास बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और मामले की जांच पूरी करने पर है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments