Wednesday, May 27, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशपरीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय की सुविधा सुनिश्चित...

परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की जाए: शिव प्रताप शुक्ल

देवेश प्रताप सिंह राठौर/झाँसी, उत्तर प्रदेश। अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में बी.एड. पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2026-28 प्रवेश हेतु संयुक्त प्रवेश परीक्षा, दिनांक 31 मई 2026 को नगर के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 09:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से 05:00 बजे तक संपन्न होगी। बैठक में नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र, उसकी फोटोयुक्त प्रति तथा वैध फोटो पहचान पत्र के बिना परीक्षा में सम्मिलित न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि कक्ष निरीक्षक प्रथम पाली में अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र की एक फोटोयुक्त प्रति अनिवार्य रूप से जमा कराएं, जिसमें वही फोटो लगी हो जो ऑनलाइन आवेदन पत्र में अपलोड की गई है।नोडल अधिकारी ने सभी कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों को यह जानकारी अवश्य दी जाए कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। प्रत्येक प्रश्न के लिए 2 अंक निर्धारित हैं। प्रत्येक सही उत्तर पर 2 अंक दिए जाएंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर कुल अंक का एक-तिहाई भाग काट लिया जाएगा। अनुत्तरित प्रश्नों पर कोई अंक नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमैट्रिक सत्यापन प्रक्रिया परीक्षा के दौरान सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बी.एड.परीक्षा में डुप्लीकेट परीक्षार्थी किसी भी स्थिति में शामिल न हों, इसके लिए कक्ष निरीक्षक प्रवेश पत्रों की गंभीरता से जांच करें। नगर में बी.एड. पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2026-28 की संयुक्त प्रवेश परीक्षा 12 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे परीक्षा केंद्रों का सत्यापन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे वॉइस रिकॉर्डर सहित कार्यशील अवस्था में हों। साथ ही विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण परीक्षा आयोजन के लिए परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जाए। विशेष रूप से महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला शिक्षिकाओं द्वारा ही कराई जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में निर्देश दिए गए कि 31 मई 2026 को आयोजित बी.एड. प्रवेश परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में धरना-प्रदर्शन, जुलूस, जनसभा एवं बिना अनुमति लाउडस्पीकर के प्रयोग पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट मशीनें भी बंद रखी जाएंगी। परीक्षा के मद्देनजर जनपद झांसी में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 प्रभावी रहेगी। सभी अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करेंगे कि उक्त आदेश का कड़ाई से पालन हो। परीक्षा के दौरान सभी 12 स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं 06 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार परीक्षा केंद्रों पर मौजूद रहेंगे, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जा सके। बैठक में नोडल अधिकारी ने बताया कि नगर के 12 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में कुल 4928-4928 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। उन्होंने कहा कि बी.एड. पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2026-28 संयुक्त प्रवेश परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर एसपी सिटी श्रीमती प्रीति सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री सतीश कुमार, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments