HomeReligionपरशुराम जन्मोत्सव पर भक्ति का सागर उमड़ा, देर रात तक गूंजते रहे...

परशुराम जन्मोत्सव पर भक्ति का सागर उमड़ा, देर रात तक गूंजते रहे भजन

ठाणे। कल्याण के सहाड़ क्षेत्र में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्व गौड़ ब्राह्मण संस्थान द्वारा सेंचुरी रियान क्लब हॉल में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के पदाधिकारियों—अध्यक्ष विश्वनाथ जोशी, सुरेश कुमार मिश्र, आनंद शर्मा, राकेश शर्मा, श्यामलाल तिवारी, काशीराम शर्मा, दामोदर शर्मा, मुकेश शर्मा, नंदकुमार वर्मा सहित अन्य सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन और भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर विधि-विधान से आरती के साथ की गई।इसके बाद आयोजित भक्ति संगीत संध्या में गायक बंटी शर्मा ने अपने मधुर स्वर में भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। हॉल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा, जहां बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर भक्ति रस में डूबे रहे। इस अवसर पर संस्थान की ओर से गायक बंटी शर्मा को पुष्पहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया, जबकि कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर अपनी खुशी व्यक्त की। वहीं राजेश जोशी, अंकित पारीक, संजय शर्मा और पंडित जितेंद्र कुमार शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई।कार्यक्रम में राजेंद्र कुमार शर्मा ने भगवान परशुराम के जीवन पर आधारित कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। आयोजन के अंत में संस्थान द्वारा महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसका सभी श्रद्धालुओं ने आनंद लिया।कार्यक्रम की निर्धारित समय सीमा रात 9 बजे तक थी, लेकिन भजनों की मधुर धुनों और भक्ति के वातावरण में समय का पता ही नहीं चला और कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments