HomeArchitectureBreakingगोरेगांव मेट्रो स्टेशन के पास चलती बस में लगी भीषण आग, पांच...

गोरेगांव मेट्रो स्टेशन के पास चलती बस में लगी भीषण आग, पांच लोगों ने कूदकर बचाई जान

गुजरात जा रही महादेवा ट्रैवलर्स की बस धू-धू कर जली, चालक समेत सभी यात्री सुरक्षित; कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

इंद्र यादव/मुंबई। गोरेगांव पूर्व मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार को गुजरात की ओर जा रही महादेवा ट्रैवलर्स की एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। सड़क पर दौड़ती बस से पहले काला धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक समेत बस में सवार सभी पांच लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, महादेवा ट्रैवलर्स की बस क्रमांक MJ 01AN 1695 गुजरात की ओर जा रही थी। गोरेगांव पूर्व मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचने पर बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षणों में आग भड़क उठी। बस में चालक निजार कपाड़िया सहित कुल पांच लोग सवार थे। आग का पता चलते ही चालक ने बस रोक दी और सभी लोग तत्काल नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान पर चले गए। घटना में किसी के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। बस में आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। हादसे के कारण गोरेगांव पूर्व मेट्रो स्टेशन के आसपास कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। आग बुझाए जाने और आवश्यक कार्रवाई के बाद यातायात को दोबारा सुचारू किया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के पीछे तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। समय रहते बस में सवार सभी लोगों के बाहर निकल जाने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments