
मथुरा, उत्तर प्रदेश। यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 110 के पास एक चलती यात्री बस में अचानक आग लग गई। नोएडा जा रही राज कल्पना (संस्कार ट्रैवल्स) की बस में आग लगते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, समय रहते सभी यात्री बस से बाहर निकलने में सफल रहे और कोई जनहानि नहीं हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी90 एटी 8837 नंबर की यह बस बांदा से आगरा होते हुए दिल्ली-नोएडा जा रही थी। सुबह करीब 5.15 बजे बस से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के समय बस में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 10 से 15 यात्री सवार थे। आग लगते ही चालक ने बस को एक्सप्रेसवे पर रोक दिया। तेजी से फैलती आग के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए कई यात्रियों को खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर बाहर निकलना पड़ा। गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर राया थाना पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। घटना के चलते यमुना एक्सप्रेसवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और वाहन घंटों तक फंसे रहे। बाद में क्रेन की मदद से जली हुई बस को हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। बस में सवार यात्रियों में बांदा के एजाज, श्याम सिंह, सरोज, उमा, अजय सोनी, शिवानी, आरती और दयाराम, नोएडा के अतुल तथा कानपुर के सोनू शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



