
झांसी, उत्तर प्रदेश। श्रावण मास के शुभारंभ के पावन अवसर पर श्रावण मास समारोह महासमिति के तत्वावधान में गुरुवार को भगवान भोलेनाथ की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ बड़ागांव गेट स्थित श्री हनुमान मंदिर से हुआ और शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजारों से होते हुए सैंयर गेट फूटा चौराहा स्थित श्री पंचमुखी महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में महापौर बिहारीलाल आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन एवं राज्य मंत्री हरगोविंद कुशवाहा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक एवं समाजसेवी डॉ. संदीप सरावगी भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शोभायात्रा में भगवान शिव की आकर्षक झांकियों, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाया। इस अवसर पर डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना, सेवा, संयम और आध्यात्मिक ऊर्जा का पावन पर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने लोगों से धर्म के साथ-साथ मानव सेवा को भी जीवन का प्रमुख उद्देश्य बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक पं. हरिओम पाठक एवं पं. कालीचरण जारौलिया रहे। आयोजन को सफल बनाने में रवीश त्रिपाठी, संजीव शर्मा, संजीव त्रिपाठी सहित समिति के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

