
मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से शनिवार, 27 जून को मुंबई के प्रभादेवी स्थित रवींद्र नाट्य मंदिर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष रूप से तैयार किए गए ‘शिवराज्याभिषेक गीत’ का लोकार्पण किया जाएगा तथा ‘संगीत शिवस्वराज्यगाथा’ नामक प्रेरणादायी संगीतमय प्रस्तुति भी दर्शकों के लिए आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम सांस्कृतिक कार्य विभाग, सांस्कृतिक कार्य संचालनालय और पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार सुबह 11 बजे होगी और इसमें प्रवेश सभी के लिए निःशुल्क रहेगा। प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा। सांस्कृतिक कार्य मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार की प्रेरणा तथा विभाग के सचिव डॉ. किरण कुलकर्णी के मार्गदर्शन में तैयार किए गए इस विशेष ‘शिवराज्याभिषेक गीत’ के बोल एडवोकेट मृणाल भिडे ने लिखे हैं, जबकि संगीत संयोजन एवं प्रोग्रामिंग प्रणव हरिदास ने किया है। इस गीत को वैशाली सामंत, अजित परब, अनिरुद्ध जोशी, रसिका जोशी, अवनी जोशी, निधि रानडे, कार्तिक लेले, प्रणव हरिदास और दीपक करंजीकर ने अपनी आवाज़ दी है। वहीं कृष्णा मुसळे, आर्चिस लेले, प्रफुल शिंदे और सौरभ शिर्के ने वादन किया है। गीत की रिकॉर्डिंग, मिक्सिंग और मास्टरिंग उर्मिला सुतार ने की, जबकि पोस्ट-प्रोडक्शन का कार्य महेश चौगुले के नेतृत्व में उनकी टीम ने पूरा किया। कार्यक्रम में सईशा प्रॉडक्शन्स, मुंबई द्वारा प्रस्तुत ‘संगीत शिवस्वराज्यगाथा’ का मंचन भी होगा। इस संगीतमय प्रस्तुति में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़े प्रसिद्ध और कम चर्चित वीर योद्धाओं के शौर्य, स्वराज्य की गाथा, नवगीत, संगीत, दृश्य प्रस्तुति और ओजपूर्ण कथावाचन के माध्यम से शिवकाल के गौरवशाली इतिहास को जीवंत किया जाएगा। इस प्रस्तुति में नचिकेत देसाई, श्रीरंग भावे, केतकी भावे जोशी और अनिल नलावडे अपने गीतों से समां बांधेंगे, जबकि पद्मश्री राव के प्रभावशाली शिवचरित्र वाचन से दर्शकों को छत्रपति शिवाजी महाराज के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और स्वराज्य के आदर्शों का अनुभव होगा। सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों, स्वराज्य के गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरणा लेने की अपील की है।



