
मुंबई। गंभीर सड़क दुर्घटना के बाद आर्थिक संकट का सामना कर रही 100 वर्षीय सरूबाई मुंजवार को मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि से मात्र 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता मंजूर कर दी गई। समय पर मिली इस सहायता के कारण उनकी आवश्यक सर्जरी बिना किसी विलंब के हो सकी और आगे का उपचार भी तत्काल शुरू किया जा सका। जानकारी के अनुसार, सरूबाई मुंजवार सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार दोपहिया वाहन की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना में उनकी बाईं जांघ में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए फलटण के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने तत्काल शल्य चिकित्सा कराने की सलाह दी। उपचार पर लगभग सवा लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान था, जिससे उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। परिजनों को मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि योजना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल के सहयोग से 25 जून को आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि कक्ष ने आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर तत्काल कार्रवाई शुरू की और मात्र 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता को मंजूरी दे दी। इससे उपचार में किसी प्रकार की देरी नहीं हुई और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं समय पर उपलब्ध हो सकीं। आर्थिक सहायता मिलने पर सरूबाई मुंजवार के परिवार ने संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि कक्ष द्वारा जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए कम से कम समय में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जा रही है। सरूबाई मुंजवार के मामले में भी आवेदन प्राप्त होने के तुरंत बाद आवश्यक सत्यापन और सभी प्रक्रियाएं पूरी कर 24 घंटे के भीतर सहायता मंजूर की गई। प्रकोष्ठ के अनुसार, आवश्यक दस्तावेजों सहित पूर्ण आवेदन प्राप्त होने पर कम समय में आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की कार्यप्रणाली अपनाई जाती है। मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष (प्रकोष्ठ) के प्रमुख रामेश्वर नाईक ने जरूरतमंद मरीजों से अपील की है कि मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि से संबंधित अधिक जानकारी या मार्गदर्शन के लिए टोल-फ्री नंबर 1800 123 2211 पर संपर्क करें।



