
मोदी सरकार के 9 साल में हुए कल्याणकारी योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
मुंबई:(Mumbai) भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि महाजनसमर्थन योजना के तहत भाजपा देश के 80 करोड़ लोगों तक पहुंचेगी और मोदी सरकार के 9 साल में हुए कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता भी महाराष्ट्र में दौरा करेंगे और लोगों से जनसंपर्क करेंगे।
विनोद तावड़े ने मंगलवार को मुंबई में पत्रकारों को बताया कि मोदी सरकार के 09 साल पूरा होने पर भाजपा की ओर से देशभर में महाजनसंपर्क अभियान चलाया जाने वाला है। 31 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अजमेर में होने वाली सभा से इस अभियान की शुरुआत होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में होने वाले इस अभियान में केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी इस तरह से 227 प्रमुख नेता सभी लोकसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
विनोद तावड़े ने बताया कि 30 मई से 30 जून इस कालावधि के दौरान होने वाले महाजनसंपर्क अभियान में मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मेलन, बुद्धिजीवियों का सम्मेलन, जनसंघ के समय से काम करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने जैसे कई कार्यक्रम होंगे। सभी लोकसभा क्षेत्रों में समाज के प्रभावशाली लोगों, पद्म पुरस्कार, खेल पुरस्कार एवं अन्य महत्वपूर्ण पुरस्कार प्राप्त लोगों सहित करीब साढ़े पांच लाख लोगों से ‘संपर्क से समर्थन’ कार्यक्रम के अंतर्गत व्यक्तिगत मुलाकात कर उन तक मोदी सरकार के कार्यों को पहुंचाया जाएगा।
बुद्धिजीवियों के साथ संबंधित लोकसभा में दौरा करने वाले राष्ट्रीय नेता, केंद्रीय मंत्री पिछले 9 साल में देश की प्रगति के बारे में विचार मंथन करेंगे। इसी तरह से जनसंघ के समय से भाजपा में काम करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, भाजपा के विचारों को समर्थन देने वाले अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ताओं से भी केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय नेता संवाद करेंगे। इस अभियान के आखिरी 10 दिनों में प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में मोदी सरकार के 9 सालों के कार्यों की पुस्तिका को घर-घर पहुंचाई जाएगी।
तावड़े ने बताया कि इस महाजनसंपर्क अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की करीब 12 सभाओं का आयोजन होने वाला है। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क निर्माण मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एवं अन्य नेताओं की भी सभाओं का भी आयोजन किया गया है। भाजपा के युवा, महिला, अनुसूचित जाति – जनजाति और किसान इस तरह के अलग अलग मोर्चों के माध्यम से सभाओं का आयोजन कर उस उस वर्ग को 9 सालों में क्या क्या लाभ मिला। इसकी जानकारी दी जाएगी।
तावडे़ ने बताया कि 23 जून को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के ‘बलिदान दिन’ के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर के 10 लाख बूथ को ऑनलाइन सभा के माध्यम से संबोधित करेंगे। दो तिहाई से अधिक लोगों तक पहुंचने की तैयारी इस अभियान के माध्यम से की गई है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, प्रदेश उपाध्यक्ष माधव भांडारी, प्रदेश महासचिव विक्रांत पाटिल, अभियान के प्रदेश संयोजक विधायक प्रवीण दरेकर, सह संयोजक कृपाशंकर सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विधायक मिहीर कोटेचा, मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये, मीडीया विभाग प्रमुख नवनाथ बन आदि उपस्थित थे।