एक झलक पाने उमड़ा जनसैलाब, ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा खार

मुंबई। मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच बड़े-बड़े गणेश मंडलों में विराजमान होने वाली गणेश प्रतिमाओं के आगमन का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में शनिवार रात खार पूर्व में प्रसिद्ध ‘खार चा राजा’ का बड़े ही धूमधाम और भव्य वातावरण में आगमन हुआ। खार चा राजा की एक झलक पाने के लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे रास्ते ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु बप्पा के स्वागत में उत्साहित नजर आए। ढोल-ताशों और भक्तिमय माहौल के बीच खार चा राजा की भव्य प्रतिमा को खार पूर्व के साईं बाबा रोड स्थित एकता मंडल के पंडाल में लाया गया। बप्पा के आगमन को लेकर खार के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर खार चा राजा के दर्शन करते नजर आए। खारचा राजा के आगमन और गणेशोत्सव की तैयारियां पिछले करीब 20 दिनों से चल रही हैं। मंडप की साज-सज्जा का काम भी जोर-शोर से किया जा रहा है और इसे भव्य स्वरूप देने में मंडल के कार्यकर्ता दिन-रात जुटे हुए हैं। स्थानीय लोगों में खार चा राजा के प्रति अटूट आस्था है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां बप्पा के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए पहुंचते हैं। शनिवार रात हुए खारचा राजा के भव्य आगमन ने पूरे इलाके को गणेशमय कर दिया और अब श्रद्धालुओं को गणेशोत्सव के शुभारंभ का बेसब्री से इंतजार है।

