फैंस से साझा किए मदरहुड के अनुभव, बोलीं—दिल से एंजॉय कर रही हूं यह खूबसूरत दौर

मुंबई। साउथ अभिनेत्री समांथा रुथ प्रभु इन दिनों अपनी जिंदगी के बेहद खास दौर से गुजर रही हैं और अपने बच्चे के स्वागत की तैयारियों में जुटी हैं। अभिनेत्री सोशल मीडिया के जरिए अपनी इस नई जर्नी की झलक भी प्रशंसकों के साथ साझा करती रहती हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ (AMA) सेशन के दौरान प्रेग्नेंसी, बढ़ते वजन और मदरहुड को लेकर खुलकर बातचीत की। समांथा ने सेशन की शुरुआत नई माताओं से उनका हाल पूछते हुए की। इस दौरान एक फैन ने प्रेग्नेंसी में बढ़ते वजन का जिक्र किया। इस पर समांथा ने जवाब दिया, “मैं समझ सकती हूं। मेरा वजन पहले ही 11 किलो बढ़ गया है।” जब एक अन्य प्रशंसक ने उनसे पूछा कि क्या वह इस दौर को एंजॉय कर रही हैं, तो अभिनेत्री ने जवाब दिया, “दिल से।” इस बातचीत के दौरान कई महिलाओं ने भी अपने मदरहुड के अनुभव समांथा के साथ साझा किए। एक फैन ने बताया कि वह कभी-कभी बिना सोचे ही वाक्य बोलना शुरू कर देती हैं, जिसे उन्होंने मजाक में ‘मॉम ब्रेन’ बताया। वहीं दूसरी महिला ने अपने रोजमर्रा के मदरहुड रूटीन का जिक्र करते हुए बताया कि बच्चे को दूध पिलाना, डकार दिलाना, झुलाना और फिर इसी प्रक्रिया को दोहराना दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। इस पर समांथा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह तो पहले से ही एक ‘फुल-टाइम जॉब’ जैसा लग रहा है। इससे पहले समांथा ने पति राज निदिमोरू के साथ अपने बेबीमून की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं। तस्वीरों में दोनों साथ समय बिताते और नई जगहों को एक्सप्लोर करते दिखाई दिए थे। अभिनेत्री ने प्रेग्नेंसी के दौरान अपने वर्कआउट सेशन की झलक भी प्रशंसकों के साथ साझा की थी। वर्कफ्रंट की बात करें तो समांथा पिछली बार फिल्म ‘मां इंति बंगाराम’ में मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। फिल्म में उनके साथ गुलशन देवैया और दिगंत मनचले भी थे। फिल्म की रिलीज के बाद समांथा ने मैटरनिटी ब्रेक लेने की घोषणा की थी। फिलहाल अभिनेत्री अपने करियर से कुछ समय निकालकर जिंदगी के इस नए अध्याय को एंजॉय कर रही हैं।

