
ललितपुर, उत्तर प्रदेश। तुवन मंदिर परिसर में विशाल कांवड़ यात्रा 2026 के आयोजन को लेकर विशाल कांवड़ यात्रा सेवा समिति द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने यात्रा की तैयारियों और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। समिति ने बताया कि 24 अगस्त 2026 (सोमवार) को सुबह 8 बजे तुवन मंदिर प्रांगण से विशाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर, पाली पहुंचेगी। आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रेसवार्ता में संघर्ष सेवा समिति, झांसी के डॉ. संदीप सरावगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार, भगवान शिव की भक्ति और आस्था को समर्पित इस विशाल कांवड़ यात्रा को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।

