HomeCrimeठाणे में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का...

ठाणे में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला एजेंट गिरफ्तार, चार युवतियां रेस्क्यू

ठाणे। ठाणे शहर के कापूरबावडी इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के रैकेट का ठाणे पुलिस की अनैतिक मानव तस्करी विरोधी शाखा (AHTC) ने भंडाफोड़ किया है। लेक सिटी मॉल और बर्गर किंग के पास संचालित इस स्पा सेंटर पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारकर एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया, जबकि वहां से चार युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध कारोबार पिछले करीब एक वर्ष से संचालित किया जा रहा था। यह कार्रवाई समाजसेवक डॉ.बिनु वर्गीस द्वारा दी गई सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बोगस ग्राहक और पंचों की मदद से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही महिला एजेंट ग्राहकों से संपर्क करने पहुंची, पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया और स्पा सेंटर पर छापा मारकर चार युवतियों को वहां से मुक्त कराया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला गुजरात, गोवा, लोनावला, मुंबई और ठाणे के ग्राहकों को स्पा में कार्यरत युवतियों की तस्वीरें भेजकर कथित तौर पर देह व्यापार का नेटवर्क संचालित कर रही थी। ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें स्पा सेंटर बुलाया जाता था और वहां अनैतिक गतिविधियां कराई जाती थीं। पुलिस ने महिला एजेंट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। रेस्क्यू की गई चारों युवतियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत महिला सुधारगृह भेजने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और संभावित पीड़ितों की तलाश में जुटी है। यह कार्रवाई ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मदन बल्लाळ के नेतृत्व में की गई। अभियान में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अंजलि आंधळे, सहायक पुलिस निरीक्षक स्नेहल शिंदे, पुलिस उपनिरीक्षक दीक्षा ढाकरे सहित एएचटीसी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित ऐसे अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही इस मामले में यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा कहीं मानव तस्करी के बड़े गिरोह से इसके संबंध तो नहीं हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments