
देवेश प्रताप सिंह राठौर/ झांसी, उत्तर प्रदेश। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झांसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में भव्य सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर राज्यमंत्री ने पर्यटन विभाग की हेरिटेज वॉक बुंदेलखंड राइडर्स रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में सांसद अनुराग शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, एमएलसी रमा निरंजन, डॉ. बाबूलाल तिवारी, रामतीर्थ सिंघल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप पटेल, सहकारी बैंक अध्यक्ष जयदेव पुरोहित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।राज्यमंत्री जेपीएस राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों के संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सहित सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक और सामाजिक स्वाधीनता को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी युवा शक्ति पर है तथा उन्हें राष्ट्रविरोधी ताकतों के बहकावे से दूर रहकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि 6 अगस्त से जनपद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और जागरूकता अभियान आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि गायत्री स्वयं सहायता समूह, दुर्गापुर (बबीना) की महिलाओं ने लगभग 5 लाख तिरंगे तैयार कर वितरित किए। साथ ही विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया।समारोह में विवेकानंद इंटर कॉलेज, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, जय अकादमी स्कूल और आर्य कन्या इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, 10 स्टार्टअप संचालकों तथा 5 लाख तिरंगे तैयार करने वाली गायत्री स्वयं सहायता समूह की प्रतिभा डोंगरे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड सहित प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। समारोह का संचालन डॉ. नीति शास्त्री ने किया तथा अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

