
मुंबई। केंद्रीय आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव की अध्यक्षता में गुरुवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय में केंद्र सरकार की विभिन्न सार्वजनिक स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े, उपमहापौर संजय घाड़ी, सांसद रवींद्र वायकर, सांसद डॉ. ज्योति वाघमारे, शिवसेना गुटनेता अमेय घोले, विभिन्न समिति अध्यक्षों, अतिरिक्त नगर आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे तथा केंद्र, राज्य और बीएमसी के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में प्रतापराव जाधव ने निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाने के लिए सुनियोजित प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए केंद्रीय योजनाओं का प्रभावी उपयोग किया जाए तथा मरीजों की सुविधा के लिए इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि धर्मार्थ अस्पतालों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित बेड तथा केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित सूचना बोर्ड अस्पतालों के प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएं, ताकि मरीजों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके।बैठक में महात्मा ज्योतिबा फुले जनआरोग्य योजना, आयुष्मान भारत योजना, NACOF के माध्यम से जनरिक दवा केंद्र, ‘हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना’, बीएमसी में प्रोटॉन थेरेपी सेंटर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से गर्भाशय, स्तन और मुख कैंसर की प्रारंभिक जांच, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप आधारित ऊर्जा दक्षता परियोजनाएं, अत्याधुनिक आयुष अस्पताल, प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य, राष्ट्रीय स्वास्थ्य निधि तथा बीएमसी अस्पतालों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के क्रियान्वयन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

