
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अश्विनी भिडे के मार्गदर्शन में शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित व सुगम बनाने के उद्देश्य से ‘पादचारी प्रथम’ (Pedestrian First) अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को बीएमसी के ‘एच पूर्व’विभाग ने अपने कार्यक्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की। इस दौरान सांताक्रूज पूर्व टीपीएस-3 क्षेत्र की सड़क संख्या 6, 7 और 11 पर स्थित 6 अवैध दुकानों को हटाया गया। इसके अलावा बांद्रा पूर्व में नानासाहेब धर्माधिकारी मार्ग के फुटपाथ पर बनी 5 अवैध दुकानों, जिनमें एक फूड वैन भी शामिल थी, को भी हटाया गया। इस कार्रवाई के बाद करीब 500 मीटर लंबे फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कर पैदल यात्रियों के लिए उपलब्ध कराया गया। बीएमसी ने कहा कि शहरभर में फुटपाथों को बाधामुक्त बनाने के लिए ‘पादचारी प्रथम’ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

