HomeArchitectureBreakingतिरंगा केवल हाथ में नहीं, हमारे मन में भी होना चाहिए: मुख्यमंत्री...

तिरंगा केवल हाथ में नहीं, हमारे मन में भी होना चाहिए: मुख्यमंत्री फडणवीस

मुंबई। “आज भारतीय तिरंगा हम हाथ में लेकर चल रहे हैं, लेकिन वह हमारे मन में भी है। भारतीय संविधान का सम्मान, देश का स्वाभिमान और राष्ट्रभावना हमारे अंतःकरण में है। नवभारत के निर्माण की जिम्मेदारी अब प्रत्येक नागरिक की है। इस जिम्मेदारी को निभाएंगे, तभी हाथ में लिए तिरंगे को वास्तविक अर्थ मिलेगा।” यह गौरवोद्गार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किए। सोमवार को वरली सी फेस पर आयोजित ‘राष्ट्र प्रथम तिरंगा उत्सव’ रैली का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक रैली नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना को जागृत करने वाला अभियान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें यहां दो सागर दिखाई दे रहे हैं। एक सामने मौजूद हिंद महासागर और दूसरा भारतीय तिरंगे का महासागर। जिस तिरंगे के लिए क्रांतिकारियों ने बलिदान दिया, सैनिकों ने सीमा पर अपने प्राण न्योछावर किए और देशवासियों ने स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया, वह तिरंगा जब तक चंद्र-सूर्य हैं, तब तक सदैव ऊंचा लहराता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बना है। विभिन्न क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर यान उतारने वाला भारत दुनिया का पहला देश बना। अंतरिक्ष अनुसंधान, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, फिनटेक और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में भारत ने बड़ी छलांग लगाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित हो रहा है और देश के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्ति है। तिरंगा हाथ में लेकर आगे बढ़ रही इस युवा शक्ति को रोकने की ताकत दुनिया में किसी के पास नहीं है। भारत एक बड़ी वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है। फडणवीस ने कहा कि भारत की प्रगति कुछ शक्तियों को पसंद नहीं आ रही है और कुछ विदेशी ताकतें देश की विकास यात्रा को रोकने का प्रयास कर रही हैं। हालांकि, भारत की विकास यात्रा को कोई नहीं रोक सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के माध्यम से आने वाले समय में भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व के मानचित्र पर अग्रणी स्थान पर दिखाई देगा। रैली में वरली सी फेस पर हजारों मुंबईकर शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स के उत्साह से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। ‘भारत माता की जय’, ‘जय शिवाजी, जय भवानी’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ देशभक्ति गीतों से पूरा वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, सांस्कृतिक कार्य मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मुंबई की महापौर रितू तावड़े, विधायक रवींद्र चव्हाण, अमित साटम, योगेश सागर, मिहिर कोटेचा, कैप्टन तमिल सेल्वन, राजहंस सिंह, प्रवीण दरेकर और प्रसाद लाड सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments