
मुंबई। सांताक्रूज पुलिस ने घरफोड़ और चोरी के एक गंभीर मामले का पर्दाफाश करते हुए बिहार से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से करीब 200 ग्राम सोने के आभूषण और रोलेक्स कंपनी की घड़ी बरामद की गई है, जबकि चोरी की रकम से संबंधित एक बैंक खाते में जमा ₹46.39 लाख की राशि भी पुलिस ने गोठवली/होल्ड कराई है। इस तरह पुलिस के अनुसार कुल करीब ₹76.39 लाख की संपत्ति हाथ लगी है। सांताक्रूज पुलिस थाने में गु.र.क्र. 2236/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3), 331(6) और 305(अ) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार 20 जून 2026 से 27 जुलाई 2026 के बीच सांताक्रूज पश्चिम के गुरु तारा रोड स्थित एक बंद घर की खिड़की तोड़कर आरोपी ने घर में प्रवेश किया और करीब ₹48.60 लाख कीमत के सोने के आभूषण तथा अन्य माल चोरी किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। जांच में चंदन कमलेश मुखिया (26), निवासी दरभंगा, बिहार की भूमिका सामने आई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सांताक्रूज पुलिस की टीम बिहार पहुंची और स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को दरभंगा की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 8 अगस्त 2026 तक ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया।जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी के माल और रकम को आरोपी ने अपने परिचित कैलास साहू के पास रखा था। पुलिस के अनुसार चोरी की रकम से आरोपी अपने नाम पर जमीन खरीदने की तैयारी कर रहा था। जांच में कैलास साहू के बैंक खाते में बड़ी रकम जमा होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने संबंधित बैंक खाते की जांच कर ₹46.39 लाख की राशि पर रोक लगाई। कैलास साहू को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया गया है।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 200 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत ₹26 लाख, तथा रोलेक्स कंपनी की घड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹4 लाख, बरामद की है। इसके अलावा बैंक खाते में जमा ₹46.39 लाख की राशि को मिलाकर कुल करीब ₹76.39 लाख की संपत्ति पुलिस की कार्रवाई में सामने आई है। पुलिस अब चोरी के अन्य सामान की बरामदगी और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

