
सीतापुर, उत्तर प्रदेश। बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशों के क्रम में जनपद में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकित अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं चयन ट्रायल का आयोजन मेजर ध्यानचंद स्टेडियम, सीतापुर में किया गया। प्रतियोगिता में बालिकाओं ने कबड्डी, बैडमिंटन, खो-खो, एथलेटिक्स, जूडो और कराटे सहित विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष, सीतापुर एवं भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती का पूजन-अर्चन कर किया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, समग्र शिक्षा के समस्त जिला समन्वयक, जिला व्यायाम शिक्षक तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के दौरान बालिकाओं ने विभिन्न खेल विधाओं में शानदार प्रदर्शन किया। चयन ट्रायल के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को परखा गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विजेता बालिकाओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों को अल्पाहार वितरित किया गया, जिसके साथ जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं चयन ट्रायल का समापन हुआ।


