
इंद्र यादव/मुंबई। नाम सुनकर लगेगा कि शायद कोई छोटा-मोटा जीव बिल से निकला होगा, लेकिन इस ‘चूहे’ के कारनामे किसी खूंखार बदमाश से कम नहीं निकले। मुंबई के वडाला इलाके में चाकू के बल पर दुकानदारों को धमकाने और लूटपाट कर दहशत फैलाने वाले नौशाद उर्फ ‘चूहा’ को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।घटना वडाला स्थित बीएसटी चाल इलाके की है। रविवार रात आरोपी नौशाद उर्फ ‘चूहा’ हाथ में धारदार चाकू लेकर इलाके की तीन अलग-अलग दुकानों में जा घुसा। आरोप है कि उसने चाकू की नोंक पर दुकानदारों को जान से मारने की धमकी दी और जमकर आतंक मचाया।आरोपी ने एक दुकानदार का मोबाइल फोन छीन लिया और गल्ले से ₹22 हजार नकद समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गया। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने रास्ते से गुजर रहे तीन राहगीरों को भी चाकू दिखाकर डराया और उन्हें लूटने की कोशिश की।इस पूरी वारदात का घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। फुटेज में आरोपी कथित तौर पर चाकू के साथ दुकान में बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देता दिखाई दिया। घटना के बाद दुकान में बिखरा सामान भी वहां मची अफरा-तफरी की तस्वीर बयां कर रहा था।वारदात के बाद बीएसटी चाल और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय व्यापारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठने लगी।मामले की गंभीरता को देखते हुए वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।डीसीपी अनुराग जैन के अनुसार, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर नौशाद उर्फ ‘चूहा’ को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह इससे पहले ऐसी कितनी वारदातों में शामिल रहा है।पुलिस की तेज कार्रवाई के बाद इलाके के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। जिस ‘चूहे’ ने चाकू के दम पर दुकानों और राहगीरों में दहशत फैलाई थी, वह अब पुलिस के शिकंजे में है। कानून से बचकर भागने की उसकी कोशिश ज्यादा देर नहीं चली और आखिरकार पुलिस ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

