
ACP गणपत पिंगळे की टीम की कार्रवाई, स्पा और सैलून की आड़ में अवैध कारोबार चलाने का आरोप
इंद्र यादव/मुंबई। मीरा रोड इलाके में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मीरा रोड पूर्व के व्यस्त इलाके में स्थित एएनके स्पा सेंटर पर पुलिस ने अचानक छापा मारकर कथित देह व्यापार का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से पांच महिलाओं को रेस्क्यू किया है। यह मामला मीरा रोड पूर्व के कनकिया पुलिस स्टेशन की सीमा का है। बताया गया कि स्पा सेंटर बेवर्ली पार्क रोड पर आरबीके स्कूल के सामने संचालित किया जा रहा था। पुलिस को यहां स्पा और मसाज की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मीरा डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) गणपत पिंगळे की टीम ने स्पा सेंटर पर छापेमारी की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां थेरेपी और मसाज की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार कराया जा रहा था।
मैनेजर और मालिक हिरासत में
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के मैनेजर और मालिक को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस कथित रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। छापेमारी के दौरान पांच महिलाओं को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस उनके बयान दर्ज करने के साथ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मीरा रोड और आसपास के इलाकों में अवैध गतिविधियों में शामिल स्पा और मसाज पार्लर संचालकों में हड़कंप मच गया है। मामले से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

