
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने डॉ. कलाम के व्यक्तित्व, सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि डॉ. कलाम ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यपरायणता के प्रतीक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण, विज्ञान, शिक्षा और युवाओं को प्रेरित करने में समर्पित कर दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. कलाम ऐसे महामानव थे, जिन्होंने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर रहते हुए भी सादगी को कभी नहीं छोड़ा। राष्ट्रपति के रूप में कार्यकाल पूरा होने के बाद वे कुछ जोड़ी कपड़ों और अपनी किताबों के साथ राष्ट्रपति भवन से विदा हुए। उनकी सादगी और निस्वार्थ राष्ट्रसेवा ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी थी। उन्होंने कहा कि आज जब समाज में भ्रष्टाचार, जातिवाद और सांप्रदायिकता जैसी चुनौतियां दिखाई देती हैं, तब डॉ. कलाम का व्यक्तित्व और उनके विचार समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। विशेष रूप से युवाओं को उनके जीवन से मेहनत, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर उपाध्यक्ष संगठन चंद्र प्रकाश शुक्ला, यूसुफ फारुकी, खुर्रम, अमरेंद्र प्रताप सिंह, जंग बहादुर सिंह, शहर अध्यक्ष फैज फारुकी, दीपेंद्र सिंह, आशुतोष शर्मा, युवा समाजसेवी जयविंद सिंह, अरविंद सिंह, पुत्तीलाल वर्मा, सरफराज गांधी, तन्मय श्रीवास्तव, एजाद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

