
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मलाड पूर्व के नागरिकों को बेहतर और त्वरित प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पी/उत्तर विभाग से मलाड पूर्व क्षेत्र को अलग कर नया पी/पूर्व विभाग बनाया है। इस विभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती रुपाली सरमळकर हैं। लेकिन विभाग में आम नागरिकों की सुविधा से जुड़ी बुनियादी व्यवस्थाओं की अनदेखी देखने को मिल रही है।बीएमसी पी/पूर्व विभाग कार्यालय में सहायक आयुक्त श्रीमती रुपाली सरमळकर तथा विभागीय कार्यकारी अभियंता गणेश शंकर नरबट के नामपट्ट (नेम प्लेट) तो सुनहरे अक्षरों में लगे हुए हैं, लेकिन जल विभाग, घन कचरा (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य शाखाओं के अधिकारियों के नामपट्ट कार्यालय में दिखाई नहीं दे रहे हैं।इसके कारण विभाग में आने वाले नागरिकों को संबंधित अधिकारी की पहचान करने और उनके कक्ष तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि अधिकारियों के नामपट्ट ही नहीं होंगे, तो नागरिक अपनी शिकायत लेकर सही अधिकारी तक कैसे पहुंचेंगे। वहीं एक विजिटर ने कहा कि यह स्थिति कहीं न कहीं विभागीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। उनका आरोप है कि यदि सहायक आयुक्त नियमित रूप से विभाग का निरीक्षण करतीं, तो ऐसी बुनियादी कमी लंबे समय तक बनी नहीं रहती। अब देखना यह है कि पी/पूर्व विभाग की सहायक आयुक्त रुपाली सरमळकर इस मामले का संज्ञान लेकर सभी विभागों के अधिकारियों के नामपट्ट तत्काल लगाने के निर्देश देती हैं या फिर आम नागरिकों को इसी तरह असुविधा का सामना करना पड़ता रहेगा।

