
ठाणे। ठाणे क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल (AHTC) ने कासारवडवली क्षेत्र में स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि आनंद नगर स्थित विजय गार्डन रोड पर शंभू जी होटल के पास एक महिला एजेंट ग्राहकों को स्पा सेंटर में कार्यरत युवतियों से मिलाने की व्यवस्था कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक बोगस ग्राहक भेजकर जाल बिछाया। सौदा तय होने के बाद पुलिस टीम ने छापा मारकर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। जांच में आरोप है कि महिला एजेंट ग्राहकों को युवतियों की तस्वीरें भेजकर उनसे संपर्क कराती थी और कथित तौर पर धनराशि लेकर देह व्यापार की व्यवस्था करती थी। छापेमारी के दौरान दो युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जिन्हें आवश्यक प्रक्रिया के बाद महिला संरक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में अन्य लोग या कोई संगठित नेटवर्क भी शामिल है या नहीं। ठाणे क्राइम ब्रांच ने कहा कि मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े मामलों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



