
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के अन्न एवं औषध प्रशासन (FDA) ने खाद्य पदार्थों और दवाओं से जुड़ी शिकायतों के लिए एआई (AI) आधारित नई शिकायत प्रणाली शुरू की है। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक अब मिलावटी खाद्य पदार्थ, नकली या निम्न गुणवत्ता की दवाओं से संबंधित शिकायत केवल बोलकर भी दर्ज करा सकेंगे। विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, नागरिक मराठी, हिंदी या अंग्रेजी भाषा में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। एआई तकनीक शिकायत को स्पष्ट और व्यवस्थित रूप में तैयार करेगी, जिससे शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगी। यह पोर्टल खाद्य सुरक्षा और औषध सुरक्षा, दोनों प्रकार की शिकायतों के लिए एक ही मंच उपलब्ध कराता है। शिकायत दर्ज करने के बाद नागरिक उसकी स्थिति (स्टेटस) भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। शिकायत दर्ज करने के लिए नागरिक complaints.mahafda.in पोर्टल पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं या पोस्टर पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर सीधे पोर्टल तक पहुंच सकते हैं। अन्न एवं औषध प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें मिलावटी खाद्य पदार्थ, नकली दवाओं या निम्न गुणवत्ता वाली औषधियों के संबंध में कोई शिकायत हो तो इस नई डिजिटल सुविधा का उपयोग कर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।



