
मुंबई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में 3, 4 और 5 जुलाई को मूसलाधार से अति मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण (एसआरए) ने अपनी आपातकालीन व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय कर दी है। किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए एसआरए का आपातकालीन नियंत्रण कक्ष (डिजास्टर कंट्रोल रूम) 24 घंटे कार्यरत रहेगा। एसआरए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. महेंद्र कल्याणकर के मार्गदर्शन में सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें विभिन्न क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया और राहत कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसआरए प्रशासन ने बताया कि भारी बारिश के दौरान झोपड़पट्टी क्षेत्रों में जलभराव, पुनर्वसन परियोजनाओं के निर्माण स्थलों पर दुर्घटनाएं तथा भूस्खलन जैसी आपात स्थितियां उत्पन्न होने की आशंका रहती है। ऐसी किसी भी स्थिति में नागरिक तत्काल एसआरए के आपातकालीन नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।नागरिकों की सुविधा के लिए एसआरए ने नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबरों के साथ sradisaster@sra.gov.in ई-मेल आईडी भी जारी की है। इस ई-मेल के माध्यम से नागरिक जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा एसआरए ने मुंबई महानगरपालिका के आपातकालीन केंद्र, पुलिस, अग्निशमन विभाग और एम्बुलेंस सेवाओं के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तुरंत संबंधित विभाग से सहायता प्राप्त कर सकें। एसआरए प्रशासन ने विभिन्न वार्डों के लिए कार्यकारी अभियंताओं की विशेष टीमें भी नियुक्त की हैं। इन अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में आपदा की स्थिति में तत्काल निरीक्षण, समन्वय और राहत कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसआरए ने नागरिकों से अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष को दें, जिससे समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
एसआरए ने नागरिकों की सहायता के लिए वार्डवार वरिष्ठ अधिकारियों की भी नियुक्ति की है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:–
दिनेश महाजन, कार्यकारी अभियंता – मो.: 9869379725 (ए, बी, सी, डी, ई, एफ दक्षिण, एफ उत्तर, जी उत्तर, एल, पी दक्षिण, पी उत्तर, आर दक्षिण एवं आर उत्तर वार्ड)।
राजाराम पाटील, कार्यकारी अभियंता – मो.: 8828239197 (एच पश्चिम, के पश्चिम एवं जी दक्षिण वार्ड)।
प्रदीप पवार, कार्यकारी अभियंता – मो.: 9004808080 (एन, एस एवं टी वार्ड)।
प्रकाश खताळ, कार्यकारी अभियंता – मो.: 7588800978 (एम ईस्ट वार्ड)।
हनुमंत मासाळ, कार्यकारी अभियंता – मो.: 9004679365 (के पूर्व एवं एम पश्चिम वार्ड)।



