HomeCrime73 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का पर्दाफाश, एकदंत हाउसिंग का पार्टनर गिरफ्तार

73 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का पर्दाफाश, एकदंत हाउसिंग का पार्टनर गिरफ्तार

मुंबई। ठाणे की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने करोड़ों रुपये के एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा करते हुए मेसर्स एकदंत हाउसिंग के पार्टनर हसमुख सुरजनी शाह (56) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपनी ही साझेदारी फर्म के साथ 73 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर विस्तृत पूछताछ के लिए 14 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की है। आर्थिक अपराध शाखा के अनुसार, यह कथित घोटाला वर्ष 2018 से 2023 के बीच अंजाम दिया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने साझेदारी का विश्वास तोड़ते हुए शिकायतकर्ता के जाली हस्ताक्षर तैयार किए और फर्म के बैंक खातों से करोड़ों रुपये निकालकर अपने निजी खातों, रिश्तेदारों तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के खातों में स्थानांतरित कर दिए। इस सुनियोजित धोखाधड़ी से फर्म को लगभग 73 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। मामले में सबसे पहले नौपाडा पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक विश्वासघात), 467, 468 (जालसाजी) और 471 (जाली दस्तावेज का उपयोग) के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी गई। मंगलवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने विष्णूनगर स्थित आरोपी के आवास पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। अदालत में पुलिस ने बताया कि हसमुख शाह इस पूरे घोटाले का मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) है। जांच एजेंसी को यह पता लगाना है कि जाली हस्ताक्षरों का इस्तेमाल अन्य किन-किन लेनदेन में किया गया, 73 करोड़ रुपये किन-किन खातों में भेजे गए, इस धनराशि का अंतिम लाभार्थी कौन है तथा इस पूरे षड्यंत्र में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी पूछताछ में अपेक्षित सहयोग नहीं कर रहा है, इसलिए विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड आवश्यक है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ नौपाडा पुलिस स्टेशन में पहले से भी धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से जुड़े मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस निरीक्षक मंदार लाड के मार्गदर्शन में आर्थिक अपराध शाखा इस हाई-प्रोफाइल आर्थिक घोटाले की गहन जांच कर रही है। आरोपी के वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस गिरफ्तारी के बाद ठाणे के रियल एस्टेट और कारोबारी जगत में हलचल मच गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments