
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जिला चिकित्सालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस में मृतकों के परिजनों के लिए मूलभूत सुविधाओं के अभाव की शिकायत मिलने पर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को भी तत्काल स्थल पर बुलाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कमियों पर नाराजगी जताई। निरीक्षण में पाया गया कि पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मृतकों के परिजनों के बैठने के स्थान पर पंखों की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा हाल ही में स्थापित की गई ठंडे पेयजल की मशीन भी बंद मिली, जिससे भीषण गर्मी के बीच वहां आने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। व्यवस्थाओं की बदहाली पर विधायक पंकज गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि पोस्टमार्टम हाउस ऐसा स्थान है जहां शोकाकुल परिवार अत्यंत कठिन परिस्थितियों में पहुंचते हैं। ऐसे में उनके लिए बैठने, शुद्ध एवं ठंडे पेयजल तथा पर्याप्त पंखों जैसी मूलभूत सुविधाओं का उपलब्ध होना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोस्टमार्टम हाउस में तत्काल ठंडे पेयजल, पंखों और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विधायक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो वह शासन और प्रशासन के उच्च स्तर पर मामला उठाकर आवश्यक कार्रवाई कराएंगे। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विधायक को भरोसा दिलाया कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा तथा पोस्टमार्टम हाउस में आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएंगी। विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि वह स्वयं समय-समय पर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन को सम्मानजनक और मानवीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।



