
मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्माने शनिवार को महाराष्ट्र लोकभवन में रायगढ़ जिले के आदिवासी एवं ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए एक स्कूल बस शिक्षा संस्था को विधिवत समर्पित की।यह स्कूल बस सुमन रमेश तुलसियानी ट्रस्ट द्वारा रायगढ़ जिले के रातवड स्थित छत्रपति शिक्षण मंडल के माध्यमिक विद्यामंदिर को प्रदान की गई है। इस अवसर पर ट्रस्ट के विश्वस्त मनीष रुपाणी, नाना पालकर स्मृती समिती के पदाधिकारी कृष्णा महाडिक, छत्रपती शिक्षण मंडल, कल्याण के मानद सचिव डॉ. निलेश रेवगडे तथा संस्था के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। बताया गया कि रातवड स्थित यह विद्यालय आठ गांवों तथा चार आदिवासी पाड़ों के 196 विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करता है। स्कूल बस सेवा शुरू होने के बाद विद्यालय में 42 विद्यार्थियों की अतिरिक्त वृद्धि हुई है। सुमन रमेश तुलसियानी ट्रस्ट द्वारा अब तक कुल नौ स्कूल बसें प्रदान की जा चुकी हैं। इस अवसर पर यह भी बताया गया कि रमेश तुलसियानी और सुमन तुलसियानी का हाल ही में पंद्रह दिनों के अंतराल में निधन हो गया था। इसके बावजूद उनके ट्रस्ट के माध्यम से समाजसेवा का कार्य निरंतर जारी है।



