HomeHealth & Fitnessअंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर निराला उद्यान में KIDZEE ने आयोजित किया भव्य...

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर निराला उद्यान में KIDZEE ने आयोजित किया भव्य योग महोत्सव

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर के ऐतिहासिक निराला उद्यान (कचहरी के निकट) में KIDZEE Pre School, कमलावती हॉस्पिटल एवं कमलावती रिसर्च एंड वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, महिलाओं, युवाओं तथा योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योग और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जनपद के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. एस.के. वर्मा ने किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रातःकालीन वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया। अपने संबोधन में डॉ. वर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के कारण अनेक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में नियमित योग और प्राणायाम व्यक्ति को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि एलोपैथिक चिकित्सा जहां रोगों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, वहीं योग और प्राणायाम शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दिलाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग के लिए निकालने और इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। डॉ. वर्मा ने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज विश्वभर में स्वीकार्यता प्राप्त कर चुकी है और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस इसका जीवंत प्रमाण है। योग के माध्यम से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, तनाव और अन्य जीवनशैली संबंधी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया तथा स्वास्थ्य, स्वच्छता और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे जनस्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में KIDZEE Pre School, कमलावती हॉस्पिटल एवं कमलावती रिसर्च एंड वेलफेयर फाउंडेशन परिवार के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्वस्थ, निरोग और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। “करें योग, रहें निरोग” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सूरज सिंह, डॉ. अरुण रावत, प्रदीप सिंह, विशाल चौधरी, विकास गुप्त, महेंद्र सिंह, आंचल श्रीवास्तव, कृतिका, आरती, सारिका तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments