
मुंबई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुंबई पोर्ट प्राधिकरण द्वारा गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित भव्य योग कार्यक्रम में केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि योग भारत द्वारा विश्व को दिया गया स्वास्थ्य का अमूल्य उपहार है। योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवनशैली है, जिसे प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्रीकमलेश पासवान, सांसद निशिकांत दुबे, सांसद रवि किशन, मुंबई पोर्ट प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. एम. अंगमुथू, उपाध्यक्ष आदेश तितरमारे, अभिनेत्री ईशा देओल और नीतू चंद्रा सहित विभिन्न क्षेत्रों की अनेक हस्तियां उपस्थित रहीं। सोनोवाल ने कहा कि योग शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक स्थिरता, भावनात्मक संतुलन और तनावमुक्त जीवन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ‘वन अर्थ, वन हेल्थ’ की अवधारणा को योग और अधिक मजबूत बनाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया भर में करोड़ों लोग स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपना रहे हैं। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ हर आयु वर्ग के लोगों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषि-मुनियों द्वारा हजारों वर्ष पूर्व विकसित योग को आज पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है। मुंबई जैसे व्यस्त महानगर में लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य की उपेक्षा कर देते हैं, इसलिए प्रतिदिन कुछ समय शरीर और मन के लिए निकालना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए देश के प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ होना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान कोलकाता में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी उपस्थित लोगों को दिखाया गया। योग दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।



