
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। इस दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।यह कार्रवाई 20 मई 2026 को जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र के निर्देश पर की गई। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 पुरवा निशांत सिंह ने अपनी टीम और स्थानीय पुलिस बल के साथ थाना मौरावां क्षेत्र के ग्राम गौरी, सरैया बाजार और हिलौली बाजार में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।अधिकारियों के अनुसार यह अभियान आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, संयुक्त आबकारी आयुक्त लखनऊ जोन तथा उप आबकारी आयुक्त लखनऊ प्रभार के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी रोकने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।छापेमारी के दौरान 22 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मौके से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान शिवकली पत्नी दढ़ई निवासी ग्राम गौरी थाना मौरावां तथा कमला पत्नी स्वर्गीय राम नरेश निवासी हिलौली थाना मौरावां के रूप में हुई है।आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




