
भदोही, उत्तर प्रदेश। भदोही जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। तेज आंधी और तूफान ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। सुरियावां थाना क्षेत्र के खरगसेन पट्टी गांव में एक विशाल नीम का पेड़ मकान पर गिरने से मां और उसकी दो जुड़वां बेटियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गांव निवासी हंसराज गौतम का परिवार अपने गाडर-पटिया के मकान में मौजूद था। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आंधी चलने लगी। देखते ही देखते घर के सामने खड़ा वर्षों पुराना नीम का विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर मकान की छत पर गिर पड़ा। पेड़ का वजन इतना अधिक था कि पूरा मकान भरभराकर ढह गया और परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में सुधा देवी (30 वर्ष), उनकी छह वर्षीय जुड़वां बेटियां जूही और आरुषि की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। वहीं हादसे में आठ वर्षीय आदर्श और चार वर्षीय आरुही गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बनारस हिंदू विश्वविद्यालय अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता अशोक कुमार रोजी-रोटी कमाने के लिए मुंबई में मजदूरी करते हैं। परिवार पर आई इस विपत्ति से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर धीरज यादव ने बताया कि तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर पुराने और जर्जर पेड़ों की निगरानी तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।




