
नवी मुंबई। वाशी रेलवे पुलिस ने ट्रेन यात्रियों के लैपटॉप बैग चोरी करने वाले एक आदतन अपराधी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही चोरी के पांच मामलों का भी खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण राजेश्वर मिश्रा (20) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कनैथू बुजुर्ग गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए लैपटॉप, चार्जर, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
यात्री की शिकायत से शुरू हुई जांच
मामला 1 अप्रैल को सामने आया था, जब ठाणे से घनसोली की यात्रा कर रहे एक यात्री ने फर्स्ट क्लास कोच से अपना बैकपैक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। बैग में नकदी और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। इसके बाद वाशी रेलवे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपी की पहचान की। जांच में पता चला कि आरोपी घटना के बाद उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव फरार हो गया था। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किरण उंडारे के मार्गदर्शन में 6 मई को एक विशेष टीम बस्ती जिले के लिए रवाना की गई।
घर से बरामद हुआ चोरी का सामान
पुलिस टीम ने 7 मई को आरोपी को उसके गांव से हिरासत में लिया। उसके घर की तलाशी के दौरान कई चोरी के लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी वाशी रेलवे पुलिस स्टेशन क्षेत्र में दर्ज कम से कम पांच लैपटॉप चोरी मामलों में शामिल था। इस कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक गजानन दराडे, मनीषा जोगदंड और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकता है।




