Tuesday, May 12, 2026
Google search engine
HomeCrimeअवैध रूप से बाइक टैक्सी सेवाओं पर महाराष्ट्र सरकार सख्त, ओला-उबर-रैपिडो के...

अवैध रूप से बाइक टैक्सी सेवाओं पर महाराष्ट्र सरकार सख्त, ओला-उबर-रैपिडो के खिलाफ एफआईआर की मांग

मुंबई। महाराष्ट्र में अवैध रूप से संचालित हो रही अनधिकृत बाइक टैक्सी सेवाओं के खिलाफ परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने साइबर क्राइम विभाग को पत्र लिखकर ओला, उबर और रैपिडो जैसी अनधिकृत बाइक टैक्सी ऐप सेवाओं को तत्काल बंद करने तथा संबंधित कंपनी मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में परिवहन आयुक्त की ओर से भी साइबर क्राइम विभाग को पत्र भेजा गया है। मंत्री प्रताप सरनाईक ने अपने पत्र में कहा है कि राज्य में पिछले कई महीनों से विभिन्न मोबाइल ऐप्स के माध्यम से बिना वैध अनुमति, सरकारी मंजूरी और परिवहन विभाग के नियमों का पालन किए यात्री परिवहन किया जा रहा है। विशेष रूप से रैपिडो जैसी कंपनियों की अनधिकृत बाइक टैक्सी सेवाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जो सार्वजनिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर चिंता का विषय है। पत्र में कहा गया है कि इन सेवाओं में यात्रियों की सुरक्षा की कोई ठोस गारंटी नहीं है। चालक सत्यापन, बीमा सुरक्षा, महिला सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र जैसी आवश्यक सुविधाएं बेहद कमजोर हैं, जिससे यात्रियों की जान को खतरा पैदा हो सकता है। परिवहन विभाग ने यह भी कहा कि ये ऐप्स सरकार के परिवहन नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए आर्थिक गतिविधियां चला रही हैं, जिससे वैध परमिटधारी ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साइबर क्राइम विभाग से की गई मांगों में अनधिकृत बाइक टैक्सी ऐप्स का ऑनलाइन संचालन तत्काल बंद करने, संबंधित ऐप कंपनियों, चालकों और प्रबंधन के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करने तथा कंपनी मालिकों पर आपराधिक मामले दर्ज करने की मांग शामिल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments