
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। नगर के मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ बढ़ते भारी अतिक्रमण के चलते बांगरमऊ में यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। हालत यह है कि नगर के मुख्य चौराहे से लेकर हरदोई रोड और उन्नाव रोड तक दिन भर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मुख्य मार्ग पर स्थित दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर कई फीट तक सामान फैला रखा है। इतना ही नहीं, ठेले और खोमचे वालों ने भी आधी सड़क घेर ली है। इसके चलते सड़कें संकरी हो गई हैं और दो बड़े वाहनों का एक साथ गुजरना लगभग असंभव हो जाता है। भीषण जाम का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर पड़ रहा है। कई बार जाम में एम्बुलेंस घंटों फंसी रहती है, जिससे मरीजों की जान पर बन आती है। वहीं, स्कूल से लौटते समय बच्चे जाम के कारण परेशान होते हैं। नगर में पार्किंग की कोई समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर देते हैं। अवैध स्टैंड और अनियंत्रित ई-रिक्शा चालकों ने इस समस्या को और भी भयावह बना दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान तो चलाया जाता है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। डॉ राम बिहारी वर्मा, रिफाकत मिस्त्री, मो० अफ़ज़ाल, अकील अहमद, शम्सुल अंसारी, सुभाष गुप्ता, आज़ाद आदि ने जिलाधिकारी और नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण के खिलाफ सख्त और स्थायी कार्यवाही की जाए ताकि नगर की सड़कों को जाम मुक्त बनाया जा सके।




