Thursday, May 7, 2026
Google search engine
HomeMaharashtra‘यूजी 4.0’ प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई शिक्षा प्रणाली के अनुरूप बनाएगा...

‘यूजी 4.0’ प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई शिक्षा प्रणाली के अनुरूप बनाएगा सक्षम: मंत्री चंद्रकांत पाटील

मुंबई। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शिक्षकों को बदलती शैक्षणिक प्रणाली के अनुरूप कौशल और प्रशिक्षण देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से शुरू किया गया ‘यूजी 4.0’ प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। यह बात उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील ने कही। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत लागू किए जा रहे चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम की प्रभावी अमलबजावणी के लिए शिक्षकों को सक्षम बनाने के उद्देश्य से बुधवार को महाराष्ट्र राज्य अध्यापक विकास संस्था (एमएसएफडीए) द्वारा विकसित ‘यूजी 4.0’ ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन पुणे में मंत्री चंद्रकांत पाटील के हाथों किया गया। इस अवसर पर उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव बी.वेणुगोपाल रेड्डी, उच्च शिक्षा विभाग के संचालक तथा एमएसएफडीए के कार्यकारी संचालक डॉ. शैलेंद्र देवळाणकर, तकनीकी शिक्षा संचालक डॉ. विनोद मोहितकर और मुंबई विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. रविंद्र कुलकर्णी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मंत्री पाटील ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार चार वर्षीय डिग्री पाठ्यक्रम में मल्टीपल एंट्री-एग्जिट और क्रेडिट आधारित प्रणाली लागू की जा रही है। ऐसे में शिक्षकों की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण हो गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए एमएसएफडीए ने यह व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम एमएसएफडीए के लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) के माध्यम से पूरी तरह ऑनलाइन संचालित किया जाएगा, जिससे राज्य के शहरी, अर्धशहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शिक्षक आसानी से इसका लाभ उठा सकेंगे। कार्यक्रम में कुल नौ विस्तृत मॉड्यूल शामिल किए गए हैं। प्रत्येक मॉड्यूल की अवधि लगभग 30 से 60 मिनट रखी गई है, ताकि शिक्षक अपनी सुविधा के अनुसार प्रशिक्षण पूरा कर सकें। इसमें संस्थागत तैयारी, विद्यार्थी परामर्श, शैक्षणिक प्रशासन और कौशल विकास जैसे विषयों पर विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा। मंत्री पाटील ने बताया कि महाराष्ट्र शासन से संबद्ध सभी महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के शिक्षक इस कार्यक्रम के लिए पात्र होंगे। इच्छुक शिक्षक जून महीने से एमएसएफडीए के एलएमएस पोर्टल पर पंजीकरण कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ‘यूजी 4.0’ कार्यक्रम की सफलता के बाद भविष्य में और अधिक उन्नत शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की योजना है, ताकि राज्य की उच्च शिक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments