
मुंबई। मुंबई में आगामी मॉनसून को ध्यान में रखते हुए मेयर रितु तावड़े ने 5 मई को शहर के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर ज़मीनी स्तर पर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान जल निकासी व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य नागरिक बुनियादी ढांचे की समीक्षा की गई। निरीक्षण के तहत भांडुप, मुलुंड ईस्ट, घाटकोपर और कुर्ला वेस्ट क्षेत्रों का दौरा किया गया। कुर्ला (वेस्ट) में मेयर ने साकीनाका मेट्रो स्टेशन क्षेत्र और अंधेरी-घाटकोपर लिंक रोड का निरीक्षण कर नालों की सफाई और सड़क मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने भारी बारिश के दौरान जलभराव और ट्रैफिक बाधाओं को रोकने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। घाटकोपर (एम-वेस्ट वार्ड) में सोमैया नाले, महात्मा गांधी रोड और गरोडिया नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। यहां संबंधित अधिकारियों के साथ साफ-सफाई, जल निकासी और ट्रैफिक व्यवस्था पर चर्चा कर नागरिकों को होने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। मुलुंड ईस्ट में पीएपी मार्ग, केलकर कॉलेज क्षेत्र और 90 फीट रोड का दौरा किया गया। साथ ही पूर्वी एक्सप्रेस हाईवे के पास टाटा कॉलोनी जंक्शन पर ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क की स्थिति की समीक्षा की गई। भांडुप (ईस्ट) में उषा नगर नाला क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए मेयर ने गाद-सफाई (डिसिल्टिंग) कार्यों को समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया, ताकि बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। मेयर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉनसून-पूर्व सभी सफाई कार्य बिना किसी देरी के पूरे किए जाएं। साथ ही नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए साफ-सफाई, जल निकासी और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।




