
देवेश प्रताप सिंह राठौर/ झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को बड़ी राहत देते हुए 93,695 कृषकों को ₹185 करोड़ 40 लाख से अधिक की क्षतिपूर्ति राशि वितरित की गई। यह भुगतान ‘एक क्लिक डीबीटी’ (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा गया।इस अवसर पर तहसील सदर सभागार में महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह की अध्यक्षता में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम एवं सदस्य विधान परिषद राम तीर्थ सिंघल की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें योगी आदित्यनाथ द्वारा किसानों को बीमा क्लेम की राशि हस्तांतरित की गई।जनपद स्तरीय कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्याय) अरुण कुमार गौड़, एसडीएम सदर गोपेश कुमार तिवारी, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उप कृषि निदेशक महेन्द्र पाल सिंह ने जानकारी दी कि खरीफ 2025 में फसल क्षति झेलने वाले किसानों को यह सहायता राशि प्रदान की गई है।कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा किसानों को प्रतीकात्मक रूप से डमी चेक भी वितरित किए गए। साथ ही किसानों से ‘फार्मर आईडी’ बनवाने का आग्रह किया गया, जिससे भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और एकीकृत रूप से मिल सके।इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी, किसानों के परिजन एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।




