Friday, May 1, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraकामगारों के योगदान से ही महाराष्ट्र बना समृद्ध: मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा

कामगारों के योगदान से ही महाराष्ट्र बना समृद्ध: मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा

मुंबई। महाराष्ट्र के 67वें स्थापना दिवस और अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता व नवाचार मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि राज्य की समृद्धि और विकास में कामगारों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण रहा है। उनके श्रम और समर्पण के कारण ही महाराष्ट्र आज प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुंबई शहर जिल्हाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में मंत्री लोढ़ा के हाथों ध्वजवंदन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और महाराष्ट्र गीत प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। कार्यक्रम में जिल्हाधिकारी आंचल गोयल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और स्वतंत्रता सेनानी उपस्थित रहे। मंत्री लोढ़ा ने सभी कामगारों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के निर्माण में बलिदान देने वाले शहीदों का योगदान अमूल्य है। आज राज्य की आर्थिक ताकत कामगार और श्रमिक वर्ग की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी है, जिसका श्रेय देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व को जाता है। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासात्मक दृष्टिकोण का भी उल्लेख किया। पर्यावरणीय चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने जल संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया और नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की सराहना करते हुए राज्य के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
संविधान की ताकत से महाराष्ट्र देश में अग्रणी: आंचल गोयल
मुंबई की जिल्हाधिकारी आंचल गोयल ने कहा कि महाराष्ट्र केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि संतों, विचारों और शौर्य की भूमि है। छत्रपति शिवाजी महाराज का स्वाभिमान, महात्मा ज्योतिराव फुले के विचार और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान के कारण महाराष्ट्र देश में अग्रणी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकसित पायाभूत सुविधाएं कामगारों की मेहनत का ही परिणाम हैं। किसान, कारखानों के श्रमिक और निर्माण क्षेत्र के मजदूर देश के विकास की असली ताकत हैं। सभी नागरिकों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए राज्य की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
ई-लीज लैंड प्रणाली का शुभारंभ, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
इस अवसर पर राजस्व विभाग द्वारा विकसित ‘ई-लीज लैंड’ प्रणाली का शुभारंभ किया गया, जो सरकारी जमीन के लीज प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाएगी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवा के लिए सुरक्षा कर्मियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर पुरस्कार तथा क्रीड़ा विभाग द्वारा जिला युवा पुरस्कार भी प्रदान किए गए। समारोह का समापन राज्य के विकास में कामगारों और नागरिकों की साझेदारी को और मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments