
भूपेंद्र सिंह/उन्नाव, उत्तर प्रदेश। कस्बा गंजमुरादाबाद स्थित जीनियस पब्लिक स्कूल में मिशन नारी शक्ति अभियान के तहत बांगरमऊ पुलिस ने बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सुरक्षा, अधिकार और हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन नारी शक्ति अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत बांगरमऊ पुलिस ने जीनियस पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने विद्यालय की बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।पुलिस ने छात्राओं को किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में न घबराने और तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में जानकारी देते हुए उनके उपयोग के तरीके भी समझाए गए। साथ ही बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक जुल्फिकार अली ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से छात्राओं में जागरूकता बढ़ती है और वे अपने अधिकारों के प्रति सचेत होती हैं। प्रधानाचार्य आदर्श पांडे ने भी बालिकाओं से इस सीख को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की सभी बालिकाएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय प्रशासन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




