
भूपेंद्र सिंह/ उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दही पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई। मामले के अनुसार, थाना दही क्षेत्र के ग्राम रामपुर के सामने नहर पटरी के किनारे 22 वर्षीय माधुरी कोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मृतका माधुरी कोरी, पत्नी बालकिशन उर्फ बबलू कोरी, निवासी रूपऊ थाना माखी, उन्नाव की थी। इस संबंध में मृतका की परिजन यशोदा द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना दही में मुकदमा अपराध संख्या 79/26 धारा 85/80(2) बीएनएस तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत पति बालकिशन उर्फ बबलू और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 मार्च 2026 को आरोपी बालकिशन उर्फ बबलू कोरी (उम्र करीब 28 वर्ष) को ग्राम केसरी खेड़ा नहर पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।




