
मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट कस्टम्स अधिकारियों ने विदेश से लाई गई करीब 2 करोड़ रुपये की ड्रग्स की कथित तस्करी के मामले में 21 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान केरल के कोझिकोड निवासी मुहम्मद अफसल वलप्पिल के रूप में हुई है। कस्टम्स सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों को खुफिया जानकारी मिली थी कि बैंकॉक से मुंबई आने वाला एक यात्री नशीले पदार्थों की तस्करी कर सकता है। इसी सूचना के आधार पर सीएसएमआई एयरपोर्ट पर मुहम्मद अफसल वलप्पिल को रोका गया और उसके सामान की जांच की गई।
ट्रॉली बैग से मिला हाइड्रोपोनिक वीड
जांच के दौरान कस्टम्स अधिकारियों ने आरोपी के ट्रॉली बैग से 20 सीलबंद प्लास्टिक पैकेट बरामद किए। पैकेट खोलने पर उनमें पौधे के फल और फूलों वाले ऊपरी हिस्से पाए गए, जिनसे तेज गंध आ रही थी। जांच में यह पदार्थ हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) पाया गया, जो नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत प्रतिबंधित है। कस्टम्स अधिकारियों ने कुल 1,946 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
आरोपी ने पैसों के लालच में तस्करी की बात कबूली
कस्टम्स को दिए अपने बयान में मुहम्मद अफसल वलप्पिल ने स्वीकार किया कि उसे भारत में ड्रग्स तस्करी की सख्त सजा की जानकारी थी, इसके बावजूद वह इस अपराध में शामिल हुआ। उसने बताया कि जल्दी और आसानी से मोटा पैसा मिलने के लालच में उसने यह कदम उठाया। अधिकारियों का कहना है कि अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बैंकॉक में आरोपी को यह ड्रग्स किसने सौंपे और मुंबई में इसे किसे दिया जाना था। शुरुआती जांच और आरोपी के बयान से अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है और अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल से जुड़े मुख्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आरोपी की ओर से वकील बीरेंद्र यादव ने अदालत में पक्ष रखा, जिसके बाद कोर्ट ने मुहम्मद अफसल वलप्पिल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।




