
मुंबई। बहरीन के मनामा में आयोजित 2025 एशियाई युवा खेलों में भारतीय कबड्डी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। लड़कियों की टीम में मुंबई उपनगरीय जिले के कांजुरमार्ग की खिलाड़ी कुमारी सेरेना सचिन म्हस्कर को भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ। महाराष्ट्र के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री एडवोकेट माणिकराव कोकाटे ने सेरेना सहित पूरी भारतीय टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। तीसरे एशियाई युवा खेल 19 से 23 अक्टूबर 2025 तक आयोजित हुए, जिसमें स्वराज्य स्पोर्ट्स क्लब, कांजुरमार्ग की उभरती खिलाड़ी सेरेना म्हस्कर ने भारतीय टीम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारतीय लड़कों एवं लड़कियों दोनों टीमों ने फाइनल में ईरान को मात देकर शीर्ष स्थान हासिल किया। लड़कों की टीम ने कड़े मुकाबले में 35-32 से जीत दर्ज की, जबकि लड़कियों की टीम ने 75-21 के एकतरफ़ा अंतर से ईरान को पराजित किया। खेल मंत्री कोकाटे ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महाराष्ट्र के खिलाड़ियों का प्रदर्शन राज्य की खेल प्रतिभा के उभार का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पूर्ण सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने स्वराज्य स्पोर्ट्स क्लब के प्रशिक्षकों, प्रबंधन और खिलाड़ी के अभिभावकों को भी उनकी भूमिका के लिए सराहा। सेरेना की सफलता से कांजुरमार्ग और मुंबई उपनगरीय जिले में उत्साह और गौरव का वातावरण है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।




